Summer Express,पलवल। पलवल के गांव सौन्दहद में तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे ट्रैक्टर ने भारी तबाही मचा दी। हादसे में एक व्यक्ति की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि ट्रैक्टर की टक्कर से एक मकान की दीवार, बरामदा और छत ढह गई, जिससे तीन लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार सुबह गांव का ही निवासी उदय न्यू हॉलैंड ट्रैक्टर को तेज रफ्तार में चला रहा था। इसी दौरान घर के बाहर खड़े मोहित के चाचा तारा ट्रैक्टर की चपेट में आ गए और बुरी तरह घायल हो गए।
हादसे के बाद अनियंत्रित ट्रैक्टर सीधे पास के मकान की दीवार से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान का ढांचा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बरामदा व छत गिर गई।
इस दौरान बरामदे में बैठे वीरपाल और देवबती मलबे के नीचे दब गए, जिससे दोनों को गंभीर चोटें आईं। सभी घायलों को तत्काल होडल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें फरीदाबाद रेफर किया गया।
परिजनों के अनुसार, तारा की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद पीड़ित परिवार इलाज में व्यस्त था, जिसके चलते शिकायत दर्ज कराने में देरी हुई।
मुंडकटी थाना पुलिस ने मोहित की शिकायत के आधार पर ट्रैक्टर चालक उदय के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।