Summer Express, अमृतसर | अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने हथियार तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से छह पिस्तौल और छह मैगजीन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरनतारन के काजी कोट निवासी मंगल सिंह उर्फ मंगा, छेहरटा निवासी प्रणव शर्मा उर्फ लड्ढू और गुरु नानक एवेन्यू निवासी गौरव राणा के रूप में हुई है। इनमें से प्रणव के खिलाफ पहले से नशा तस्करी का मामला दर्ज है, जबकि गौरव राणा पर हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, लूट और चोरी सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर ग्वालमंडी क्षेत्र के पास नाकाबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध विदेशी पिस्तौल बरामद हुए।
जांच में सामने आया है कि यह गिरोह सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान में बैठे तस्करों के संपर्क में था और ड्रोन के माध्यम से हथियारों व नशीले पदार्थों की खेप भारत में मंगवाता था। कुछ दिन पहले ही अटारी सेक्टर के पास ड्रोन के जरिए हथियारों की एक खेप गिराई गई थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के आपसी संबंध जेल में बने थे और रिहा होने के बाद उन्होंने मिलकर अवैध हथियार तस्करी का नेटवर्क फिर से सक्रिय कर लिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।