Summer express,करनाल | हरियाणा के करनाल में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार को तबाह कर दिया। नई कार चलाना सीख रही महिला की एक गंभीर गलती के चलते कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिसमें पांच वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की मौत का सदमा उसकी मां सह नहीं पाई और कुछ ही देर बाद उसने भी दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, सीएसएसआरआई परिसर में आरती नामक महिला अपने पति की मौजूदगी में कार चलाना सीख रही थी। इस दौरान पति बृजेश सक्सेना अपनी पांच वर्षीय बेटी अयांशी को गोद में लेकर आगे की सीट पर बैठे थे। ड्राइविंग के दौरान अचानक ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दब जाने से कार तेज रफ्तार में पेड़ से जा टकराई।
हादसे में मासूम अयांशी गंभीर रूप से घायल हो गई और अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया। बेटी की मौत की खबर मिलते ही मां आरती गहरे सदमे में चली गईं और उनकी तबीयत बिगड़ गई। इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
परिवार में अब केवल पिता और सात महीने की छोटी बेटी ही बचे हैं। इस हादसे ने एक खुशहाल परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच जारी है।