Summer express,फतेहाबाद | फतेहाबाद की अनाज मंडी में दौरे के दौरान इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला कड़े तेवरों में नजर आए। उन्होंने मंडी में फैली अव्यवस्थाओं और ट्रैक्टरों की लंबी कतारों पर गहरी नाराजगी जताई और जिम्मेदार अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
दौरे के दौरान किसानों को संबोधित करते हुए अभय चौटाला ने कहा कि मंडी में रास्तों पर ट्रैक्टर खड़े होने और गेट बंद रहने की स्थिति बेहद खराब है। उन्होंने मंडी सचिव अमित रोहिल्ला को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनके लौटने तक एक भी ट्रैक्टर सड़क पर खड़ा मिला तो सख्त कार्रवाई की जाएगी और उन्हें सार्वजनिक रूप से जवाबदेह बनाया जाएगा।
इसके बाद उन्होंने मंच से ही मंडी सचिव को बुलाकर किसानों के सामने उनका मोबाइल नंबर सार्वजनिक करवाया और निर्देश दिए कि वे किसानों की समस्याओं के लिए 24 घंटे उपलब्ध रहें। सचिव ने मंच पर ही अपना संपर्क नंबर साझा करते हुए किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर किया जाएगा।
अभय चौटाला ने मंडी में फसल आवक और उठान की स्थिति पर भी सवाल उठाए। जब सचिव ने बताया कि 5 लाख क्विंटल आवक के मुकाबले केवल 15 हजार क्विंटल का ही उठान हुआ है, तो उन्होंने कड़ा तंज कसते हुए पूछा कि बाकी फसल का निपटान कौन करेगा और जिम्मेदारी किसकी है।
इस दौरान उन्होंने हरियाणा सरकार और मुख्यमंत्री नायब सैनी पर भी निशाना साधा। चौटाला ने आरोप लगाया कि किसानों को परेशान करने के लिए गलत नियम बनाए गए थे, लेकिन इनेलो के दबाव के बाद सरकार को झुकना पड़ा। उन्होंने मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कई बार प्रतिनिधिमंडल की बैठक के दौरान भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाती, जिससे प्रशासनिक समझ की कमी उजागर होती है।
अभय चौटाला ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी किसान को फसल बेचने में परेशानी हुई या भुगतान रोका गया, तो इनेलो चुप नहीं बैठेगी और इसका कड़ा विरोध किया जाएगा। इस मौके पर प्रो. संपत सिंह, प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा और सुनैना चौटाला सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।