Summer express,अजनाला | फतेहगढ़ चूड़ियां रोड के पास स्थित पीर बाबा की जगह पर भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा घर और उसमें रखा सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार, आग की शुरुआत घर के अंदर रखे चिराग से हुई, जो कुछ ही समय में विकराल रूप ले बैठी और पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि दो गाड़ियां और अन्य कीमती सामान भी जलकर नष्ट हो गए।
घटना के बाद मौके पर भारी धुआं फैल गया और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की करीब चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
पीड़ित परिवार ने बताया कि आगजनी में लगभग 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। परिवार के अनुसार घर के भीतर स्थित धार्मिक स्थान पर रखे चिराग से आग लगी, जिसके बाद पूरे मकान में आग फैल गई और कुछ भी बचाया नहीं जा सका।
स्थानीय पुलिस अधिकारी बलदेव राज ने बताया कि यह घर कृष्ण लाल नामक व्यक्ति का है, जो अजनाला में कारोबार करते हैं। आग लगने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।