Summer express, कुरुक्षेत्र | हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित सेक्टर-13 के एक पेइंग गेस्ट (PG) आवास में 21 वर्षीय विवाहिता द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान देवी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से करनाल जिले के चौपड़ी गांव की रहने वाली थी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, देवी का अपने पति विक्रम के साथ लंबे समय से वैवाहिक विवाद चल रहा था। घरेलू कलह के चलते वह करीब एक महीने से अपने घर से दूर कुरुक्षेत्र के पीजी में रह रही थी। माना जा रहा है कि मानसिक तनाव और पारिवारिक विवाद के कारण उसने देर रात फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
मृतका का मायका जींद जिले के नंदगढ़ गांव में है। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। उनके पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कुरुक्षेत्र के नागरिक अस्पताल में कराया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।