Summer expres, जयपुर। राजस्थान सरकार ने राज्य के लाखों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते (DA) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद अब राज्य कर्मचारियों और पेंशनभोगियों का DA 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगा। यह निर्णय 1 जनवरी 2026 से प्रभावी माना जाएगा।
सरकारी जानकारी के अनुसार इस फैसले से राज्य के करीब 12 लाख से अधिक कर्मचारी और पेंशनभोगी लाभान्वित होंगे, जिनमें लगभग 7.02 लाख सरकारी कर्मचारी और 5.44 लाख पेंशनभोगी शामिल हैं। पंचायत समितियों और जिला परिषदों के कर्मचारियों को भी संशोधित दरों का लाभ मिलेगा। इस वृद्धि से राज्य सरकार पर लगभग 1,156 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आने का अनुमान है।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता मई 2026 के वेतन के साथ जोड़ा जाएगा और इसका भुगतान जून 2026 में नकद रूप में किया जाएगा। वहीं 1 जनवरी से 30 अप्रैल 2026 तक की अवधि का एरियर कर्मचारियों के सामान्य भविष्य निधि (GPF) खातों में जमा किया जाएगा, जबकि पेंशनभोगियों को यह राशि सीधे नकद प्रदान की जाएगी।