Summer express, लुधियाना | पंजाब के लुधियाना जिले में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की घटना सामने आई है, जहां ग्रीस से आई एक एनआरआई महिला को बाइक सवार बदमाश ने निशाना बना लिया। घटना बस्ती जोधेवाल इलाके की है और पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पीड़िता की पहचान 45 वर्षीय राज कौर के रूप में हुई है, जो हाल ही में विदेश से अपनी बहन राज कुमारी से मिलने लुधियाना पहुंची थीं। जानकारी के मुताबिक, एक युवक बाइक पर गली में पहुंचा और कुछ देर तक इलाके की रेकी करता रहा।
मौका मिलते ही आरोपी ने राज कौर के गले में पहनी करीब दो तोले से अधिक वजन की सोने की चेन पर झपट्टा मार दिया। इस दौरान राज कौर और उनकी बहन ने साहस दिखाते हुए बदमाश का विरोध किया और उसे पकड़ने की कोशिश की।
छीना-झपटी के दौरान राज कौर जमीन पर गिर गईं, लेकिन उन्होंने आरोपी को पकड़ने की कोशिश जारी रखी। दोनों बहनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचने लगे, हालांकि भीड़ जुटने से पहले ही आरोपी बाइक समेत फरार हो गया।
जाली नंबर प्लेट से पहुंचा था बदमाश
घटना की सूचना मिलते ही थाना दरेसी पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। एसएचओ गुरमीत सिंह के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी की बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि उसके फरार होने के रूट का पता लगाया जा सके।
कई साल बाद लौटी थीं पीड़िता, घटना से सहमीं
राज कौर ने बताया कि वह कई वर्षों बाद विदेश से अपनी बहन से मिलने आई थीं। घटना से पहले आरोपी गली में किसी व्यक्ति का नाम लेकर पता पूछ रहा था, जिससे उन्हें कोई शक नहीं हुआ। वारदात के बाद से वह काफी दहशत में हैं और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रही हैं।
लोगों के सामने ही भाग निकला आरोपी
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि महिला की आवाज सुनकर लोग मौके पर इकट्ठा हुए, लेकिन आरोपी उनके सामने ही बाइक घुमाकर फरार हो गया। जब तक लोग संभलते और उसका पीछा करते, वह मौके से गायब हो चुका था।