Summer express, कैथल (बलिंदर कुमार)। कैथल जिले के कस्बा सीवन में बिजली का करंट लगने से 28 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। युवक अपने नए बन रहे मकान में तराई करने गया था। इसी दौरान टुल्लू पंप के पाइप को दोबारा लगाते समय वह करंट की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी जान चली गई। मृतक की पहचान गौरव पुत्र भान सैनी निवासी सीवन के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, गौरव अपने निर्माणाधीन मकान में ईंटों पर पानी डालकर तराई करने गया हुआ था। इसी दौरान टुल्लू पंप का पाइप निकल गया। वह पाइप को दोबारा लगाने के लिए पहुंचा तो नंगे पांव होने के कारण बिजली के करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह पंप के ऊपर ही गिर पड़ा और गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन तुरंत उसे उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल कैथल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
गौरव असंध स्थित हैफेड शुगर मिल में नेटवर्किंग सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। शनिवार को छुट्टी होने के कारण वह घर आया हुआ था। परिवार में उसकी शादी की तैयारियां चल रही थीं और जनवरी महीने में उसका विवाह होना तय था। अचानक हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
गौरव अपने माता-पिता का इकलौता बेटा और तीन बहनों का इकलौता भाई था। जिस घर में कुछ समय बाद शादी की शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां अब परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक की असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे की सूचना मिलते ही सीवन क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।