Summer express, फरीदाबाद (अनिल मंगला)। बल्लभगढ़ स्थित वन स्टार गेस्ट हाउस के ओयो होटल में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव होटल के कमरा नंबर 201 में बेड पर पड़ा मिला। मृतका की पहचान चांदनी कुमारी निवासी बिहार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला रविवार सुबह एक व्यक्ति के साथ होटल में ठहरी थी। दोनों दोपहर के समय खाना लेने के लिए होटल से बाहर गए थे। इसके बाद रात करीब 8:30 बजे होटल स्टाफ को कमरे में महिला का शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही होटल में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कमरे की जांच की। इसके साथ ही क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया गया है।
बताया जा रहा है कि महिला के साथ होटल में ठहरने वाले व्यक्ति की पहचान शेखर राम के रूप में हुई है। घटना के बाद से वह लापता है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और उससे पूछताछ के बाद मामले से जुड़े कई पहलुओं का खुलासा हो सकता है।
फिलहाल महिला की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस होटल के रिकॉर्ड और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।