Summer express/चंबा, मंजूर -:हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनावों की तैयारियां अब तेज रफ्तार पकड़ चुकी हैं। चुराह विधानसभा क्षेत्र के तहत तीसा विकास खंड की 53 पंचायतों में होने वाले चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में आज निर्वाचन अधिकारियों की पहली रिहर्सल आयोजित की गई, जिसमें चुनावी प्रक्रिया से जुड़ी बारीकियों पर विशेष ध्यान दिया गया।
इस रिहर्सल का नेतृत्व एसडीएम चुराह राजेश कुमार जरियाल ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में निर्वाचन अधिकारी मौजूद रहे, जिन्हें चुनाव संचालन से संबंधित सभी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को बताया गया कि वार्ड सदस्य, पंचायत प्रधान, बीडीसी और जिला परिषद के लिए नामांकन प्रक्रिया कैसे पूरी करनी है, साथ ही नामांकन पत्रों की जांच और वैधता सुनिश्चित करने के नियम भी विस्तार से समझाए गए।इसके अलावा, पात्रता मानदंड और कानूनी प्रावधानों की जानकारी देकर अधिकारियों को निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए तैयार किया गया।मीडिया से बातचीत में एसडीएम राजेश कुमार जरियाल ने बताया कि पंचायत चुनाव तीन चरणों में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह रिहर्सल चुनाव प्रक्रिया को सुचारू बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही एक और रिहर्सल आयोजित की जाएगी, जिसके बाद सभी चुनावी दलों को उनकी निर्धारित पंचायतों के लिए रवाना किया जाएगा।