Summer express/सिरसा, विजय -:हरियाणा सरकार की तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत 15 मई को सिरसा से महाराष्ट्र स्थित तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़ के लिए विशेष ट्रेन रवाना की जाएगी। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं सिरसा रेलवे स्टेशन पहुंचकर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल और पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने संयुक्त रूप से सिरसा रेलवे स्टेशन और मुख्यमंत्री के प्रस्तावित रूट का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और यात्रियों की सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। रेलवे स्टेशन परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।प्रशासन का कहना है कि तीर्थ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। विशेष ट्रेन के माध्यम से श्रद्धालुओं को नांदेड़ स्थित पवित्र गुरुद्वारा श्री हजूर साहिब के दर्शन करने का अवसर मिलेगा। इस धार्मिक यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।