Summer express, रेवाड़ी। हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में देर शाम रेवाड़ी में एसीबी टीम ने एक लाइसेंस क्लर्क को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान अमरदीप के रूप में हुई है, जिसे ड्यूटी समाप्त होने के बाद अनाज मंडी क्षेत्र में दबोचा गया।
जानकारी के अनुसार, रेवाड़ी के छिपड़वाड़ा मोहल्ला निवासी गौरव ने एसीबी को शिकायत देकर बताया था कि लाइसेंस से जुड़े काम के बदले क्लर्क अमरदीप उससे रिश्वत मांग रहा है। शिकायतकर्ता के मुताबिक आरोपी ने शुरुआत में 4700 रुपये की मांग की थी, लेकिन बाद में 4500 रुपये में सौदा तय हुआ।
शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। टीम ने शिकायतकर्ता को तय रकम देकर आरोपी के पास भेजा। जैसे ही क्लर्क ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, पहले से मौके पर तैनात एसीबी अधिकारियों ने उसे रंगे हाथ काबू कर लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल एसीबी टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।