Summer express, लखनऊ । उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में मंगलवार तड़के लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से बिहार जा रही एक डबल डेकर एसी बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। हादसे में छह यात्रियों की मौत हो गई, जबकि तीन पुलिसकर्मियों समेत 21 लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना औरास थाना क्षेत्र के निभा खेड़ा गांव के पास सुबह करीब 5:15 बजे हुई। बस में करीब 50 यात्री सवार थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि चालक को झपकी आने के कारण बस पर नियंत्रण बिगड़ गया, जिसके बाद तेज रफ्तार बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस सड़क किनारे रेलिंग पर लटक गई। हादसे के दौरान कई यात्री खिड़कियों से नीचे जा गिरे, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में जान गंवाने वाले छह लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।