Summer express, अंकुर कपूर , चंडीगढ़। हरियाणा में पेट्रोल, डीजल और गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इनेलो के राष्ट्रीय संयोजक सम्पत सिंह ने महंगाई के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि लगातार बढ़ते ईंधन के दामों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है।
सम्पत सिंह ने कहा कि पहले पेट्रोल और डीजल की कीमतों का निर्धारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दामों के आधार पर होता था, लेकिन अब सरकार अपने खजाने भरने के लिए कीमतों में बढ़ोतरी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावों के दौरान सरकार ने जानबूझकर तेल की कीमतें नहीं बढ़ाईं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल-डीजल महंगा कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि खाड़ी देशों में युद्ध और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का हवाला देकर जनता पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुराने बयान का जिक्र करते हुए कहा कि जब मोदी प्रधानमंत्री नहीं बने थे, तब वह रुपये की कमजोरी को लेकर सरकारों पर निशाना साधते थे, लेकिन अब रुपये की गिरती स्थिति पर चुप्पी साधे हुए हैं।
इनेलो नेता ने दावा किया कि हरियाणा में भाजपा सरकार बनने से पहले डीजल पर करीब 8.8 प्रतिशत टैक्स था, जिसे बढ़ाकर लगभग 17 प्रतिशत तक पहुंचा दिया गया। उन्होंने कहा कि आज भी डीजल पर भारी टैक्स वसूला जा रहा है, जिसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है।
सम्पत सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार 31 मई तक बढ़ी हुई कीमतें वापस नहीं लेती, तो इनेलो 1 जून से पूरे हरियाणा में सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे और बढ़ती महंगाई के खिलाफ सरकार को घेरा जाएगा। इनेलो ने बढ़ती महंगाई को जनविरोधी बताते हुए सरकार से तुरंत राहत देने की मांग की है।