Summer express/धर्मशाला, राहुल -: कांगड़ा घाटी में लगातार बढ़ रहे तापमान का असर अब जंगलों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। बीते दस दिनों के दौरान धर्मशाला वन मंडल में जंगलों में आग लगने की घटनाओं में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वन विभाग के अनुसार अब तक 33 से अधिक आग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे विभाग को 21 लाख रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है।
आग की इन घटनाओं के कारण करीब 66 हेक्टेयर वन क्षेत्र प्रभावित हुआ है। इनमें से 39 हेक्टेयर से अधिक प्लांटेशन एरिया भी आग की चपेट में आया है, जिससे वन संपदा को काफी क्षति पहुंची है। बढ़ती गर्मी और शुष्क मौसम को आग लगने की घटनाओं का मुख्य कारण माना जा रहा है।धर्मशाला वन मंडल के डीएफओ अमित शर्मा ने बताया कि जंगलों में आग से हुए नुकसान का आकलन चरणबद्ध तरीके से किया जाता है। आग बुझने के तुरंत बाद पहला सर्वे कर प्रभावित क्षेत्र और नुकसान का प्रारंभिक मूल्यांकन किया जाता है। इसके बाद मानसून सीजन खत्म होने पर दूसरा आकलन किया जाता है, क्योंकि कई पौधे बारिश के बाद दोबारा विकसित हो जाते हैं और वास्तविक नुकसान की स्थिति स्पष्ट हो पाती है।उन्होंने बताया कि यदि आग से पांच हेक्टेयर से अधिक प्लांटेशन क्षेत्र प्रभावित होता है तो तीसरी बार डीएफओ स्तर पर निगरानी और मूल्यांकन किया जाता है। वहीं, यदि प्रभावित क्षेत्र 10 हेक्टेयर से अधिक हो तो कंजरवेटर स्तर पर विशेष मॉनिटरिंग की जाती है।वन विभाग ने लोगों से जंगलों के आसपास सतर्कता बरतने और आग की किसी भी घटना की तुरंत सूचना देने की अपील की है।