Summer express/धर्मशाला,राहुल-: देवभूमि धर्मशाला के व्यस्त कचहरी चौक क्षेत्र में बुधवार को एक विदेशी नागरिक द्वारा किए गए हंगामे से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार संबंधित व्यक्ति कथित रूप से नशे की हालत में था और उसने बाजार क्षेत्र में अनुचित व्यवहार करते हुए लोगों को परेशान किया।
जानकारी के अनुसार विदेशी नागरिक ने सड़क किनारे कारोबार कर रहे कुछ रेहड़ी-फड़ी विक्रेताओं का सामान बिखेर दिया, जिससे स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों में नाराजगी देखी गई। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने उसे शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुआ।प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हंगामे के दौरान विदेशी नागरिक ने एक टैक्सी वाहन की ओर पत्थर भी फेंका, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और ट्रैफिक विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। एक महिला ट्रैफिक पुलिस कर्मी ने स्थिति को संभालने और व्यक्ति को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसने सहयोग नहीं किया और कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया।करीब काफी देर तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस ने विदेशी नागरिक को अपने नियंत्रण में लिया और आगे की कार्रवाई के लिए उसे थाना ले जाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा घटना के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।