Summer express/धर्मशाला, राहुल -: तिब्बती आध्यात्मिक गुरु परम पावन दलाई लामा शुक्रवार को अपने बाएं घुटने के उपचार के लिए धर्मशाला से दिल्ली रवाना हो गए। लंबे समय से घुटने में दर्द और असुविधा महसूस होने के कारण विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह पर उनका यह चिकित्सा दौरा तय किया गया है।
दलाई लामा विशेष विमान से कांगड़ा हवाई अड्डे पहुंचे, जहां से भारतीय वायु सेना के विमान के माध्यम से उन्हें दिल्ली ले जाया गया। दिल्ली में चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार और स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। उनके स्वास्थ्य को लेकर तिब्बती समुदाय और अनुयायियों में लगातार चिंता और शुभकामनाओं का माहौल बना हुआ है।निर्वासित तिब्बती सरकार के राष्ट्रपति पेनपा त्सेरिंग ने बताया कि दिल्ली में उपचार और स्वास्थ्य लाभ की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दलाई लामा सीधे लद्दाख का दौरा करेंगे। वहां उनके कई धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम प्रस्तावित हैं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और अनुयायियों के शामिल होने की संभावना है।तिब्बती समुदाय ने दलाई लामा के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके सफल उपचार और आगामी लद्दाख यात्रा के लिए शुभकामनाएं व्यक्त की हैं।