Summer express/हमीरपुर ,अरविंद-:हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में शादी के नाम पर धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फर्जी दुल्हन और उसकी सहयोगी बिचौलिया महिला को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना बड़सर उपमंडल के गलोड़ क्षेत्र की है, जहां एक युवक को विवाह का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी का शिकार बनाया गया।
पीड़ित युवक मनीष कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी फरवरी 2026 में पंजाब के अमृतसर में करवाई गई थी। विवाह के बाद उसे पत्नी द्वारा प्रस्तुत किए गए पहचान पत्रों और अन्य दस्तावेजों पर संदेह हुआ। जब इन दस्तावेजों की जांच करवाई गई तो वे जाली निकले। युवक का आरोप है कि जब उसने इस संबंध में सवाल उठाए, तो महिला और उसके साथियों ने उसे तथा उसके परिवार को धमकियां देनी शुरू कर दीं।शिकायत के अनुसार, शादी और उससे जुड़ी विभिन्न रस्मों के नाम पर मनीष से करीब सात लाख रुपये खर्च करवाए गए। कुछ दिन पहले आरोपी महिला ने परिवार को बताया कि वह जम्मू जा रही है, लेकिन बाद में पता चला कि वह पंजाब के बटाला पहुंच गई थी। इस दौरान उसका मोबाइल फोन भी बंद रहा, जिससे परिवार की चिंता बढ़ गई।मामले की जानकारी मिलते ही बड़सर पुलिस ने जांच शुरू कर दी। महिला की लोकेशन का पता लगाने में कठिनाई आने पर पुलिस ने विशेष रणनीति तैयार की। योजना के तहत आरोपी महिला को बड़सर आने के लिए मजबूर किया गया। जैसे ही वह वहां पहुंची, पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। जांच के दौरान इस पूरे मामले में शामिल एक अन्य महिला, जो कथित रूप से बिचौलिया की भूमिका निभा रही थी, को भी गिरफ्तार कर लिया गया।हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।