Summer express, हिसार। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के गणित एवं सांख्यिकी विभाग में कार्यरत असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. हेमंत पूनिया की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब वह विश्वविद्यालय से अपने घर लौट रहे थे। अचानक आई तेज आंधी के दौरान उड़ती धूल के कारण उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिर पड़े, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।
जानकारी के अनुसार डॉ. हेमंत पूनिया विश्वविद्यालय में चल रही परीक्षाओं के दौरान उत्तर पुस्तिकाओं की जांच का कार्य कर रहे थे। रात करीब आठ बजे वह अपना कार्य समाप्त कर बाइक पर घर के लिए निकले थे। जब वे विश्वविद्यालय परिसर के निकट ऑर्गेनिक फार्म क्षेत्र के पास पहुंचे, तभी मौसम ने अचानक करवट ले ली और तेज आंधी के साथ धूल-मिट्टी उड़ने लगी।
बताया जा रहा है कि उड़ती धूल उनकी आंखों में चली गई, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट आई। घटना के समय उनके पीछे आ रहे विश्वविद्यालय के कुछ कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें संभाला और उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय परिसर और शिक्षकों में शोक की लहर दौड़ गई। डॉ. पूनिया के निधन से विश्वविद्यालय परिवार ने एक समर्पित शिक्षक और शिक्षाविद को खो दिया है।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
डॉ. हेमंत पूनिया के आकस्मिक निधन से विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी गहरे सदमे में हैं। उनके सहयोगी उन्हें एक मेहनती, अनुशासित और विद्यार्थियों के प्रति समर्पित शिक्षक के रूप में याद कर रहे हैं।