Summer express,गुरुग्राम | हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुग्राम में बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला थाना मानेसर में तैनात हेड कांस्टेबल कविता को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, एक शिकायतकर्ता ने एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) को शिकायत दी थी कि उसकी पत्नी द्वारा महिला थाना मानेसर में उसके और उसके परिजनों के खिलाफ दर्ज कराए गए मामले की जांच हेड कांस्टेबल कविता कर रही थी। आरोप है कि जांच अधिकारी ने शिकायतकर्ता के भाइयों बलराम और मुकेश के नाम केस से हटाने के बदले 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने के बजाय इसकी सूचना एसीबी को दी। शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। तय योजना के अनुसार जैसे ही आरोपी हेड कांस्टेबल ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम प्राप्त की, टीम ने मौके पर छापेमारी कर उसे नकदी सहित गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी महिला पुलिसकर्मी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषी पाए जाने वाले किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।