Summer express, अंकुर कपूर , अंबाला | हरियाणा विद्युत विभाग (UHBVN) में संसाधनों की कमी को लेकर कर्मचारियों का गुस्सा खुलकर सामने आया। अंबाला में विभागीय कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर नारेबाजी की और कार्य व्यवस्था में आ रही खामियों को उजागर करते हुए अधिकारियों के खिलाफ विरोध जताया। कर्मचारियों का कहना है कि आधुनिक तकनीक के दौर में भी विभाग कई स्थानों पर पुराने संसाधनों के सहारे काम कर रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं देने में दिक्कतें आ रही हैं।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि विभाग के आधुनिकीकरण के प्रयासों के बावजूद जमीनी स्तर पर आवश्यक सुविधाओं की भारी कमी बनी हुई है। उनका कहना था कि उच्च अधिकारियों की लापरवाही और अनदेखी के कारण विभाग की कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही है, जिसकी तस्वीरें समय-समय पर सोशल मीडिया पर भी सामने आती रहती हैं।
सब यूनिट नंबर-2 के प्रधान बलवंत यादव ने बताया कि कुछ समय पहले इंडस्ट्रियल एरिया का एक हिस्सा उनके सब डिवीजन में शामिल किया गया था। इस क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 8 से 9 गांवों के लिए न तो कोई सरकारी वाहन उपलब्ध कराया गया और न ही अतिरिक्त स्टाफ या शिकायत केंद्र की व्यवस्था की गई। ऐसे में कर्मचारियों को सीमित संसाधनों के साथ कार्य करना पड़ रहा है।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि संसाधनों की कमी के कारण संबंधित क्षेत्रों में बिजली संबंधी शिकायतों के निस्तारण में देरी होती है तो इसकी जिम्मेदारी विभाग के उच्च अधिकारियों की होगी। उन्होंने मांग की कि उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक संसाधन और सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराई जाएं।