Summer express/ऊना, राकेश -:त्योहारी सीजन के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने ऊना के बहड़ाला में पनीर की खेप लेकर आ रही एक गाड़ी को जांच के लिए रोका। गाड़ी से करीब डेढ़ क्विंटल पनीर बरामद हुआ, जिसके विभागीय टीम ने सैंपल एकत्रित किए हैं।खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पनीर के सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब लैब से आने वाली रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पनीर की गुणवत्ता को लेकर विभाग की जांच जारी है।
विभागीय अधिकारी के मुताबिक, पंजाब के रोपड़ की तरफ से एक गाड़ी पनीर लेकर आ रही थी, जिसे जांच के लिए बहड़ाला में रोका गया। गाड़ी में करीब डेढ़ क्विंटल पनीर था, जिसके सैंपल भरे गए हैं। अधिकारी ने बताया कि विभाग का मुख्य उद्देश्य लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ रोकना और त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना है।
त्योहारी सीजन में मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के चलते विभाग लगातार बाजारों और खाद्य पदार्थों की सप्लाई पर नजर रख रहा है। इस कार्रवाई से मिलावटखोरी करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।