राहुल चावला, धर्मशाला-:धर्मशाला डिग्री कॉलेज में छात्र संगठनों NSUI और ABVP के बीच पोस्टर लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं के बीच हुई कहासुनी और मारपीट के बाद पुलिस ने तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। घटना के बाद कॉलेज परिसर में तनाव की स्थिति बन गई।एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि कॉलेज में दोपहर के समय दोनों छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पोस्टर को लेकर शुरू हुई बहस ने देखते ही देखते झड़प का रूप ले लिया। सूचना मिलते ही थाना सदर धर्मशाला के एसएचओ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत करवाया।
एसपी के अनुसार, इस मामले में देवेश कुमार और अंशुल शर्मा की शिकायतों पर अलग-अलग केस दर्ज किए गए हैं। वहीं, तीसरा मामला आर्यन अग्निहोत्री की शिकायत पर देवेश कुमार के खिलाफ दर्ज किया गया है।झड़प के दौरान कुछ छात्रों को मामूली चोटें आई हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। पुलिस ने तीनों मामलों की जांच शुरू कर दी है और शिकायतों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जा रही है।