Summer express/राहुल चावला, कांगड़ा-:कांगड़ा जिले के बनौई चौक पर देर रात हवाई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, काले रंग की एक गाड़ी में सवार होकर पहुंचे युवक ने गाड़ी से उतरकर कथित तौर पर दो राउंड हवाई फायर किए। वहीं, तीसरा राउंड चलाने की कोशिश के दौरान गोली मिसफायर हो गई। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।मामले की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। पुलिस थाना गग्गल में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों तक पहुंचने के लिए बनौई चौक के आसपास और हाईवे पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
SP कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस घटना के हर पहलू की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवकों ने किस मकसद से हवाई फायरिंग की। पुलिस इस आशंका को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है कि कहीं यह घटना सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए तो अंजाम नहीं दी गई। CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।