Summer express, लुधियाना। लुधियाना जिले के सुधार थाना क्षेत्र के अंतर्गत राजोआणा गांव स्थित गुरुद्वारा साहिब में हुई फायरिंग के मामले में गिरफ्तार शूटर राज सिंह उर्फ राजू की पुलिस हिरासत में मौत हो गई। पुलिस ने उसे कुछ दिन पहले गिरफ्तार किया था और मामले से जुड़े तथ्यों को लेकर पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान देर रात उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई।
सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान राजू ने सीने में दर्द होने की शिकायत की। उसकी हालत को देखते हुए पुलिसकर्मी उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी में मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
राजू की पुलिस हिरासत में हुई मौत के बाद मामले की परिस्थितियों को लेकर जांच की जा रही है। पुलिस की ओर से आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के निष्कर्षों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।