Summer express/ हमीरपुर, अरविंद- -:दिवाली के त्योहार के बीच बाजार में उमड़ रही ग्राहकों की भीड़ और व्यापारियों की आपत्ति के बाद भाजपा ने अपनी प्रस्तावित जनसभा का स्थान बदल दिया है। अब 4 अक्टूबर को गांधी चौक पर होने वाली भाजपा की जनसभा कुमार पैलेस में आयोजित की जाएगी। हालांकि, पार्टी की पदयात्रा गांधी चौक तक पहुंचेगी और वहीं इसका समापन किया जाएगा।गौरतलब है कि व्यापार मंडल हमीरपुर ने गांधी चौक पर भाजपा की जनसभा आयोजित करने पर कड़ा एतराज जताया था। व्यापारियों का कहना था कि दिवाली के चलते इन दिनों बाजार में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या /में लोग पहुंच रहे हैं। ऐसे में गांधी चौक पर दिनभर जनसभा होने से बाजार की आवाजाही और कारोबार प्रभावित हो सकता है। इससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ने की आशंका थी।
व्यापार मंडल ने इस संबंध में उपायुक्त हमीरपुर को पत्र लिखकर गांधी चौक पर जनसभा की अनुमति नहीं देने की मांग भी की थी। व्यापारियों की आपत्तियों और त्योहार के सीजन को देखते हुए भाजपा ने अब कार्यक्रम स्थल में बदलाव करने का निर्णय लिया है। इसके तहत जनसभा कुमार पैलेस में होगी, जबकि गांधी चौक तक केवल पदयात्रा निकाली जाएगी।भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा व्यापारियों के हितों को प्राथमिकता देती आई है। पार्टी नहीं चाहती कि त्योहारों के इस महत्वपूर्ण सीजन में किसी भी व्यापारी के कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़े। इसी बात को ध्यान में रखते हुए जनसभा को गांधी चौक से स्थानांतरित कर कुमार पैलेस में आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी की पदयात्रा गांधी चौक तक पहुंचेगी और वहीं उसका समापन होगा। जनसभा के स्थान में बदलाव का उद्देश्य व्यापारियों के कारोबार को प्रभावित होने से बचाना है।