Summer express, अंकुर कपूर ,अंबाला। 21 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को लेकर भारतीय रेलवे ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। परीक्षार्थियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए अंबाला रेल मंडल ने प्रमुख स्टेशनों पर विशेष प्रबंध करने का निर्णय लिया है, ताकि परीक्षा देने आने वाले विद्यार्थियों और उनके परिजनों को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।
अंबाला रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक यशनजीत सिंह ने बताया कि चंडीगढ़, मोहाली, पटियाला, बठिंडा और सहारनपुर ऐसे प्रमुख स्टेशन हैं, जहां नीट परीक्षा के कारण यात्रियों की संख्या में अचानक वृद्धि होने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने अतिरिक्त व्यवस्थाओं की रूपरेखा तैयार की है।
उन्होंने बताया कि रेलवे ने दो स्पेशल ट्रेनों के संचालन का प्रस्ताव भेजा था। इनमें बठिंडा-चंडीगढ़ स्पेशल ट्रेन को मंजूरी मिल चुकी है, जबकि सहारनपुर-चंडीगढ़ स्पेशल ट्रेन को भी जल्द स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। इन विशेष ट्रेनों के संचालन से परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
यशनजीत सिंह ने कहा कि परीक्षा वाले दिन बड़े रेलवे स्टेशनों पर विशेष हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे। यहां रेलवे कर्मचारी अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएंगे। इसके अलावा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), वाणिज्य विभाग और अन्य शाखाओं के कर्मचारियों की अतिरिक्त तैनाती की जाएगी।
रेलवे अधिकारियों की विशेष ड्यूटी भी लगाई गई है, जो कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरे घटनाक्रम और यात्री सुविधाओं पर लगातार नजर रखेंगे। रेलवे का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परीक्षा के दिन किसी भी परीक्षार्थी को यात्रा संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े और सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हों।