Summer express, पंचकूला। पंचकूला नगर निगम फंड से जुड़े कथित करोड़ों रुपये के बैंक फ्रॉड मामले में गिरफ्तार आईएएस अधिकारी आरके सिंह को शुक्रवार को सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया गया। मामले की गंभीरता और जांच की आवश्यकता को देखते हुए सीबीआई ने अदालत से आरोपी का रिमांड मांगा। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने आरके सिंह को तीन दिन के सीबीआई रिमांड पर भेजने के आदेश दिए।
सीबीआई अब रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ करेगी। जांच एजेंसी वित्तीय लेनदेन, बैंक खातों और मामले से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि कथित अनियमितताओं और धन के लेनदेन में अन्य किन व्यक्तियों की भूमिका रही और पूरे नेटवर्क का संचालन किस प्रकार किया गया।
जांच अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं, जिससे मामले की परतें खुलने और अन्य संदिग्धों तक पहुंचने में मदद मिलेगी। सीबीआई कथित लाभार्थियों की पहचान करने के साथ-साथ फंड के उपयोग और धनराशि के प्रवाह की पूरी श्रृंखला को भी खंगाल रही है।
उल्लेखनीय है कि पंचकूला नगर निगम फंड से जुड़े कथित घोटाले और बैंकिंग अनियमितताओं की जांच लंबे समय से सीबीआई के अधीन है। मामले में पहले भी कई वित्तीय रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच की जा चुकी है। सूत्रों के अनुसार, आगामी दिनों में जांच के दौरान और भी अहम खुलासे होने की संभावना है, जिससे मामले में नए नाम सामने आ सकते हैं।