Summer express, रोहतक | रोहतक जिले के महम क्षेत्र में कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले की जांच के दौरान छोटा सैमाणिया गैंग की संलिप्तता सामने आई है। रविवार सुबह सीआईए महम की टीम ने खरकड़ा गांव के पास राजा वाली गोहर क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान लाखनमाजरा निवासी अमन (22) के रूप में हुई है, जिसके पैर में गोली लगने के बाद उसे इलाज के लिए पीजीआई में भर्ती कराया गया है।
सीआईए महम प्रभारी कुलदीप उर्फ केडी ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब 1:13 बजे बाइक सवार दो युवकों ने विधायक कार्यालय पर चार राउंड फायरिंग की थी। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी गौरव राजपुरोहित ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आठ विशेष टीमों का गठन किया था।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लाखनमाजरा से खरकड़ा रोड की ओर एक संदिग्ध युवक बाइक पर घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी भागने लगा। पीछा किए जाने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पिस्तौल और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है। प्रारंभिक जांच में आरोपी का संबंध छोटा सैमाणिया गैंग से सामने आया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विधायक कार्यालय पर फायरिंग के पीछे क्या मकसद था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।
मामले में अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।