Summer express/सोनीपत, रमेश कुमार -:भारतीय जनता पार्टी की ओर से सोनीपत स्थित रेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने 25 जून 1975 को देश में लगाए गए आपातकाल (इमरजेंसी) को लोकतंत्र के इतिहास का काला अध्याय बताते हुए कहा कि देश की जनता उस दौर को आज भी नहीं भूली है और कांग्रेस को इसके लिए कभी माफ़ नहीं करेगी। इस दौरान उन्होंने लखनऊ अग्निकांड, बिहार में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर और राम मंदिर दान चोरी मामले पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।
बड़ौली ने कहा कि 1971 के लोकसभा चुनाव के बाद इलाहाबाद हाईकोर्ट ने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के चुनाव को अवैध करार दिया था। इसके बाद सत्ता बचाने के लिए कांग्रेस सरकार ने देश में इमरजेंसी लागू कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन किया गया और लाखों लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। उनके अनुसार देशभर में लगभग एक लाख युवाओं को जेलों में बंद किया गया था, जिनमें सोनीपत के 65 लोग भी शामिल थे। उन्होंने कहा कि उस दौर की यातनाओं और प्रतिबंधों को देश आज भी याद करता है।पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के नेता आज लोकतंत्र बचाने की बातें करते हैं, लेकिन जनता उनके अतीत को अच्छी तरह जानती है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस लोकतंत्र की रक्षा का दावा करती है तो लोग इसे गंभीरता से नहीं लेते, क्योंकि इमरजेंसी के दौरान लोकतांत्रिक संस्थाओं और नागरिक अधिकारों को सबसे अधिक नुकसान पहुंचा था।लखनऊ में हाल ही में हुए अग्निकांड पर दुख व्यक्त करते हुए बड़ौली ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने बताया कि इस हादसे में सोनीपत के गांव महीपुर का एक युवक भी प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं बेहद दुखद हैं और भविष्य में इनकी पुनरावृत्ति रोकने के लिए सरकार और प्रशासन को ठोस एवं स्थायी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने सुरक्षा मानकों की नियमित समीक्षा और प्रभावी निगरानी व्यवस्था की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
बिहार में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर के संबंध में बड़ौली ने कहा कि युवाओं को अपराध के रास्ते से दूर रहना चाहिए। उनका मानना है कि किसी भी समस्या का समाधान संवाद और कानून के दायरे में रहकर ही संभव है। उन्होंने युवाओं से सादगीपूर्ण और सकारात्मक जीवन अपनाने की अपील की।राम मंदिर दान चोरी मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बड़ौली ने कहा कि यह केवल चोरी का मामला नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि जांच एजेंसियां जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करेंगी और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।