महराजगंज। हरियाणा से फरार दो वांछित आरोपियों के नेपाल के रास्ते देश छोड़ने की आशंका के बाद भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। विशेष रूप से सोनौली और ठूठीबारी बॉर्डर पर सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से निगरानी अभियान चला रही हैं तथा सीमा से आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति पर पैनी नजर रखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के पुणे स्थित फुरसुंगी पुलिस स्टेशन में दर्ज फिरौती और गोलीबारी के एक मामले की जांच के दौरान गैंगस्टर आरजू बिश्नोई और रवि कुमार, निवासी पानी वाला मोटा, जिला सिरसा (हरियाणा), की संलिप्तता सामने आई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है और वे फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।
खुफिया इनपुट के आधार पर आशंका जताई गई है कि आरोपी नेपाल सीमा का इस्तेमाल कर देश से बाहर निकलने की कोशिश कर सकते हैं। इसी को देखते हुए महराजगंज जिले से सटी करीब 84 किलोमीटर लंबी भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है।
सीमा पर तैनात एसएसबी और पुलिस की टीमें यात्रियों के पहचान पत्र, सामान और वाहनों की गहन जांच कर रही हैं। बिना सत्यापन किसी को भी सीमा पार आने-जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
निचलौल क्षेत्राधिकारी रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि हरियाणा पुलिस से प्राप्त इनपुट के बाद सभी सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है। सीमा क्षेत्र में चौकसी बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी संभावित घुसपैठ या फरारी की कोशिश को समय रहते विफल किया जा सके।