Summer express/बिलासपुर, सुभाष -:बिलासपुर में उपायुक्त (DC) कार्यालय के बाहर एक स्वतंत्रता सेनानी की पत्नी न्याय की मांग को लेकर धरने पर बैठ गईं। उनका आरोप है कि उनके पुश्तैनी कच्चे मकान की हालत बेहद खराब हो चुकी है और बरसात के मौसम में उसमें रहना परिवार के लिए जोखिम भरा बन गया है।
धरने पर बैठी महिला ने बताया कि उनके मकान से जुड़ा भूमि विवाद न्यायालय में विचाराधीन है। हालांकि, न्यायालय ने मकान की आवश्यक मरम्मत की अनुमति प्रदान की है। इसके बावजूद विरोधी पक्ष उन्हें मरम्मत कार्य नहीं करने दे रहा है। महिला का कहना है कि दूसरे पक्ष ने अपने हिस्से में निर्माण और अन्य कार्य पूरे कर लिए हैं, जबकि उनके परिवार को न्यायालय के आदेशों के बावजूद रोका जा रहा है।उन्होंने बताया कि पिछले तीन महीनों से उनका परिवार विभिन्न प्रशासनिक कार्यालयों के चक्कर काट रहा है, लेकिन अब तक समस्या का कोई समाधान नहीं निकल पाया है। जर्जर मकान में रहना उनके परिवार के लिए लगातार खतरा बना हुआ है, विशेषकर बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है।
पीड़ित परिवार की बहू ने भी अपनी चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि इससे पहले मकान में सांप निकलने के कारण उनकी बच्ची की मौत हो चुकी है। वर्तमान में भी मकान में सांप और बिच्छू निकल रहे हैं, जिससे परिवार के सदस्यों की सुरक्षा को लेकर भय बना हुआ है।परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि न्यायालय के आदेशों का पालन सुनिश्चित कराया जाए और उन्हें अपने मकान की मरम्मत करने की अनुमति दिलाई जाए, ताकि वे सुरक्षित वातावरण में रह सकें। धरने पर बैठी महिला ने कहा कि उनकी मांग केवल इतनी है कि उन्हें अदालत के निर्देशों के अनुसार अपने घर की मरम्मत करने दी जाए और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।