Summer express/हमीरपुर, अरविंद -:नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेमोरियल राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय, हमीरपुर में सामान्य वर्ग की छात्राओं के लिए जल्द ही नए गर्ल्स हॉस्टल का निर्माण शुरू किया जाएगा। करीब 9.64 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह तीन मंजिला आधुनिक हॉस्टल लगभग 100 छात्राओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवास उपलब्ध कराएगा।
कॉलेज परिसर में मौजूद पुराने गर्ल्स हॉस्टल को हाल ही में एसडीएम हमीरपुर की अध्यक्षता वाली समिति ने निरीक्षण के बाद असुरक्षित घोषित कर दिया था। इसके बाद उसी स्थान पर नए हॉस्टल के निर्माण का निर्णय लिया गया है। वर्तमान में कॉलेज में केवल अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए ही हॉस्टल की सुविधा उपलब्ध है, जबकि सामान्य वर्ग की छात्राओं को निजी कमरों में रहना पड़ता है।महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सतीश सोनी ने बताया कि सामान्य वर्ग की छात्राओं के लिए हॉस्टल निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की मंजूरी के बाद परियोजना को स्वीकृति मिली है। निर्माण कार्य शुरू करने के लिए 5 करोड़ रुपये की पहली किस्त संबंधित एजेंसी को जारी कर दी गई है।उन्होंने कहा कि हमीरपुर कॉलेज में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा के लिए आते हैं। हॉस्टल सुविधा के अभाव में छात्राओं को अणु बाजार और आसपास के क्षेत्रों में महंगे किराये पर रहना पड़ता है। नए हॉस्टल के निर्माण से छात्राओं को सुरक्षित आवास मिलने के साथ-साथ आर्थिक राहत भी मिलेगी। निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है।