मोनिका रावत | चंडीगढ़
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संजीव राणा ने कांग्रेस द्वारा 20,000 लीटर मुफ्त पानी की मांग को लेकर किए गए प्रदर्शन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह प्रदर्शन जनता की चिंता नहीं, बल्कि कांग्रेस की राजनीतिक नौटंकी है।
संजीव राणा ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान कांग्रेस और चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी ने अपने घोषणा पत्र में प्रत्येक परिवार को 20,000 लीटर मुफ्त पानी देने का वादा किया था। आज एक वर्ष बाद उसी मुद्दे को लेकर सड़क पर उतरना इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस अपने ही वादों को पूरा कराने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि यदि यह वादा इतना महत्वपूर्ण था, तो सांसद मनीष तिवारी जनता को बताएं कि पिछले एक वर्ष में इस घोषणा को लागू कराने के लिए उन्होंने केंद्र सरकार, चंडीगढ़ प्रशासन या नगर निगम के समक्ष कितनी बार आवाज उठाई।
संजीव राणा ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास चुनाव से पहले गारंटियां देने और चुनाव के बाद उन्हें भूल जाने का रहा है। हिमाचल प्रदेश सहित कांग्रेस शासित राज्यों में भी कई चुनावी गारंटियों को लेकर जनता आज जवाब मांग रही है।