Summer express /धर्मशाला, राहुल-: नगर निगम धर्मशाला को नया नेतृत्व मिल गया है। बुधवार को आयोजित बैठक में वार्ड-2 से भाजपा पार्षद शमशेर नेहरिया को सर्वसम्मति से मेयर तथा वार्ड-8 से भाजपा पार्षद प्रेरणा गुलेरिया को डिप्टी मेयर चुना गया। दोनों नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए एक-एक नामांकन पत्र प्राप्त हुआ, जिन्हें जांच के बाद वैध पाया गया। इसके बाद उपस्थित पार्षदों ने सर्वसम्मति से दोनों उम्मीदवारों का निर्वाचन किया। उपायुक्त हेमराज बैरवा की अध्यक्षता में हुई बैठक में कुल 12 पार्षद उपस्थित रहे, जिनमें भाजपा के 11 पार्षद और एक निर्दलीय पार्षद शामिल थे।गौरतलब है कि 29 जून को प्रस्तावित चुनाव कोरम पूरा न होने के कारण स्थगित कर दिया गया था। उस दिन चुनाव के लिए 13 पार्षदों की उपस्थिति आवश्यक थी, जबकि बुधवार को आयोजित बैठक में ऐसी अनिवार्यता नहीं थी।नवनिर्वाचित मेयर शमशेर नेहरिया ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा और धर्मशाला को एक आदर्श शहर बनाने के लिए सभी पार्षदों तथा प्रशासन के सहयोग से कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी परियोजना के कार्यों की विस्तृत जानकारी लेने के बाद विकास योजनाओं को गति दी जाएगी।डिप्टी मेयर प्रेरणा गुलेरिया ने अपने निर्वाचन पर पार्टी नेतृत्व और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसेवा उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
इस अवसर पर धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने नवनिर्वाचित मेयर और डिप्टी मेयर को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि दोनों शहर के विकास के लिए समर्पित होकर कार्य करेंगे। वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता एवं जसवां-परागपुर के विधायक बिक्रम ठाकुर ने कहा कि धर्मशाला की जनता ने नगर निगम चुनाव में भाजपा पर भरोसा जताया है और नया नेतृत्व शहर के विकास को नई दिशा देगा।