हेमराज बब्बर | जगराओं
परिवार की आर्थिक तंगी दूर करने के लिए तीन साल पहले कर्ज लेकर मलेशिया गए जगराओं के गांव पोना निवासी 30 वर्षीय कमल कपूर की हार्ट अटैक से मौत हो गई। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पिता के पहले ही निधन के बाद कमल ही घर का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था।
राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल और विधायक बीबी सर्वजीत कौर माणूंके के प्रयासों से उनका पार्थिव शरीर भारत लाया जा रहा है, जबकि गांव के लोगों ने पंजाब सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है।
मृतक की माता हरजिंदर कौर ने बताया कि उनका बेटा करीब तीन वर्ष पहले घर की गरीबी दूर करने के लिए कर्ज लेकर रोजगार की तलाश में मलेशिया गया था।
वहां मेहनत-मजदूरी कर वह परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। करीब 10 दिन पहले उसे हार्ट अटैक आया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
गांव के सरपंच हरप्रीत सिंह राजू पोना, पूर्व सरपंच गुरबिंदर सिंह पोना, समाजसेवी जसवीर सिंह जास्सू पोना, आम आदमी पार्टी के नेता तेजिंदर सिंह पोना और हाकम सिंह मनीला ने बताया कि संत बलबीर सिंह सीचेवाल और विधायक बीबी सर्वजीत कौर माणूंके के प्रयासों से कमल कपूर का पार्थिव शरीर मलेशिया से भारत लाया जा रहा है। शनिवार, 4 जुलाई को गांव पोना के श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
गांव के प्रतिनिधियों ने पंजाब सरकार से परिवार को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग करते हुए कहा कि पहले पिता और अब इकलौते बेटे की मौत से परिवार आर्थिक संकट में आ गया है।