Summer express, पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। मॉडल टाउन थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहने वाली विवाहिता ने अपने ससुर पर नशीला पदार्थ सुंघाकर दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार करीब 15 दिन पहले वह घर में अकेली थी। इसी दौरान उसके ससुर ने कथित तौर पर उसे कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। महिला का आरोप है कि बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया गया। होश आने के बाद उसे घटना की जानकारी हुई।
महिला ने बताया कि जब उसने इस घटना की जानकारी अपने पति, सास और ननद को दी तो उन्होंने उसका साथ देने के बजाय उसे डराना-धमकाना शुरू कर दिया। आरोप है कि मामले को दबाने के लिए उस पर लगातार दबाव बनाया गया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद उसे घर में ही बंधक बनाकर रखा गया। उसका मोबाइल फोन छीन लिया गया और बाहर किसी से संपर्क नहीं करने दिया गया। काफी दिनों तक उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा।
महिला ने किसी तरह मौका मिलते ही अपने मायके पक्ष को सूचना दी। इसके बाद उसके परिजन मौके पर पहुंचे और उसे अपने साथ लेकर थाने पहुंचे, जहां पीड़िता ने पुलिस को पूरी घटना की शिकायत दी।
मॉडल टाउन थाना प्रभारी जगमिंद्र ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।