Summer express/मंडी, धर्मवीर-: भारतीय जनता पार्टी के प्रशिक्षण महाअभियान में शिरकत करने नाचन विधानसभा के गोहर पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अनुराग ठाकुर ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर जुबानी हमला बोला है। अनुराग ठाकुर का कहना है कि कांग्रेस प्रदेश सरकार ने अपने 4 वर्षों के कार्यकाल में जनता से की, कोई भी गारंटी पूरी नहीं की है। सीएम सुक्खू ने प्रदेश को केवल कर्ज में डुबोने के अलावा और कुछ नहीं किया है। जिस कारण अब सुक्खू अपनी पार्टी से भी अलग थलग होकर हताशा के दौर से गुजर रहे हैं। यह बात अनुराग ने नेरचौक में मीडिया से अनौपचारिक बातचीत के दौरान कही।
अनुराग ने कहा कि सीएम सुक्खू हर मंच से आरोप लगाते हैं कि भाजपा प्रदेश में पांच गुटों में बंटी है। जबकि सच्चाई यह है यहाँ कांग्रेस कई गुटों में बंटी हुई है और यही बात अपनी पार्टी को बोलने के बजाय सीएम सुक्खू गलती से भाजपा को ही कह देते हैं।वहीं इस मौके पर पीएम मोदी के मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं के बीच अनुराग ठाकुर का नाम सामने आने पर पूछे गए सवाल में पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह चर्चा केवल मीडिया में ही चली हुई है। इसके लिए अभी मीडिया को इंतजार करना होगा, वे फिलहाल पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं साथ एक कार्यकर्ता की ही जिम्मेदारी निभा रहे हैं। एक कार्यकर्ता होने के नाते उनका भी सभी राज्यों में भाजपा की सरकार बनाने के अलावा कोई अन्य फोकस नहीं है।