Summer express, तरनतारन | पंजाब के तरनतारन जिले में घरेलू विवाद की शिकायत पर पहुंची पुलिस टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। थाना झब्बाल क्षेत्र के गांव सोहल में नशे की हालत में एक व्यक्ति ने पुलिसकर्मियों से मारपीट की, जिसमें एक एएसआई और एक कांस्टेबल घायल हो गए। आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने बताया कि गांव निवासी सिमरन नामक युवती ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पिता प्रभजीत सिंह नशे की हालत में परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज कर रहे हैं और उन्हें कमरे में बंद कर रखा है।
शिकायत मिलने के बाद थाना झब्बाल के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर बलजिंदर सिंह बाजवा ने एएसआई प्रगट सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को मौके पर भेजा। पुलिस जब घर पहुंची तो आरोपी प्रभजीत सिंह अपने परिवार के साथ मारपीट कर रहा था।
पुलिसकर्मियों ने जब उसे रोकने की कोशिश की तो आरोपी ने उग्र होकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया। आरोप है कि उसने एएसआई प्रगट सिंह की वर्दी फाड़ दी और उनकी पगड़ी भी उतार दी। वहीं कांस्टेबल कुलदीप सिंह पर हमला कर उसकी हाथ की एक अंगुली तोड़ दी।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सुखबीर सिंह, थाना प्रभारी बलजिंदर सिंह बाजवा और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी वहां से फरार हो गया।
पुलिस ने एएसआई प्रगट सिंह के बयान पर आरोपी प्रभजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एसएसपी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।