Summer express, अंकुर कपूर, अंबाला। हरियाणा के अंबाला में सोमवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर प्रदेश स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शिरकत कर डॉ. मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। समारोह में राष्ट्रवाद, संगठन और विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण संदेश दिए गए।
नई दिल्ली से शताब्दी एक्सप्रेस के जरिए अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पहुंचे केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा का मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। रेलवे स्टेशन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए दोनों नेताओं का अभिनंदन किया। इसके बाद दोनों नेता भारी काफिले के साथ अंबाला शहर स्थित समारोह स्थल पहुंचे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और अखंड भारत के संकल्प का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार डॉ. मुखर्जी के विचारों और सिद्धांतों को धरातल पर उतारने का कार्य कर रही है। नड्डा ने कार्यकर्ताओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और डॉ. मुखर्जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी डॉ. मुखर्जी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन देश की एकता और अखंडता के लिए समर्पित रहा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अंबाला के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने घोषणा की कि अंबाला के शहीदी स्मारक स्थित साइंस सेंटर का नाम बदलकर “डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी साइंस सेंटर” रखा जाएगा। साथ ही वहां डॉ. मुखर्जी की भव्य प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी।
समारोह में प्रदेश भर से भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रभक्ति और संगठनात्मक एकजुटता का माहौल देखने को मिला।