Summer express, टोहाना। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के एक्सईएन कार्यालय में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब एक किसान और उसके साथ आए लोगों ने एक्सईएन कृष्ण कुमार के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की की और उनके हाथ में जबरन रुपये थमाने का प्रयास किया। घटना से कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारियों को बीच-बचाव करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर एक्सईएन खुद को बचाने के लिए कार्यालय के भीतर स्टाफ की ओर भागे, लेकिन उनके पीछे आए लोगों ने वहां भी उनका पीछा किया। इस दौरान एक व्यक्ति ने उन्हें पकड़ने की भी कोशिश की। घबराए एक्सईएन लगातार कर्मचारियों से डायल-112 पर फोन कर पुलिस बुलाने की अपील करते रहे। बाद में कार्यालय के कर्मचारियों ने हस्तक्षेप कर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना के केंद्र में रहे गांव गाजूवाला निवासी किसान देवेंद्र ने एक्सईएन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि वर्ष 2018 से उनका कृषि बिजली (एपी) कनेक्शन लंबित है। पहले कनेक्शन का एस्टीमेट तीन लाख रुपये बनाया गया, जिसे बाद में बढ़ाकर करीब सवा चार लाख रुपये कर दिया गया। उनका दावा है कि वरिष्ठ अधिकारी के आदेश पर निर्धारित राशि जमा कराने के बावजूद अब तक उन्हें बिजली कनेक्शन नहीं दिया गया, जिससे उन्हें करीब 20 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
देवेंद्र ने यह भी आरोप लगाया कि एक्सईएन कथित तौर पर एक बिचौलिए के माध्यम से काम करवाते हैं और कनेक्शन जारी करने के लिए दो लाख रुपये की मांग की गई। उन्होंने कहा कि छुट्टी के दिन उनके खेत की ड्रोन से फोटोग्राफी करवाई गई और तहसीलदार से पैमाइश भी कराई गई।
किसान ने पूरे मामले की शिकायत बिजली मंत्री अनिल विज और डीएचबीवीएन के प्रबंध निदेशक को ईमेल के माध्यम से भेजी है। शिकायत में एक्सईएन को निलंबित करने और हाल ही में स्वीकृत कृषि बिजली कनेक्शनों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है। फिलहाल मामले को लेकर संबंधित विभाग की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।