चंडीगढ़/नई दिल्ली।भारत में जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके करीबी सहयोगी गोल्डी बराड़ के खिलाफ अमेरिका ने बड़ी कानूनी कार्रवाई की है। अमेरिकी न्याय विभाग ने लॉस एंजिलिस की संघीय अदालत में दायर चार्जशीट में दोनों पर जून 2023 में कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया के सरे शहर में खालिस्तानी अलगाववादी नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है।
यह पहली बार है जब किसी अमेरिकी अभियोग में बिश्नोई व बराड़ को सीधे तौर पर निज्जर हत्याकांड से जोड़ा गया है। आरोप है िक लॉरेंस ने मोबाइल फोन से पूरे ऑपरेशन का निर्देशन किया और निज्जर की तस्वीर व उसके संभावित ठिकानों की जानकारी दी। एजेंसी ने गोल्डी बराड़ की सूचना देने वाले के लिए 50 हजार डॉलर (43 लाख रुपये) के इनाम की घोषणा की है।
निज्जर हत्याकांड के बाद तनाव
हरदीप सिंह निज्जर की जून 2023 में कनाडा में हत्या के बाद भारत और कनाडा के रिश्तों में भारी तनाव पैदा हो गया था। उस समय कनाडा ने भारतीय एजेंसियों की संभावित संलिप्तता का आरोप लगाया था, जिसे भारत ने सिरे से खारिज कर दिया था। अब अमेरिकी चार्जशीट में बिश्नोई और गोल्डी बराड़ पर हत्या की साजिश का आरोप लगाया गया है, लेकिन भारत सरकार के खिलाफ कोई आरोप शामिल नहीं किया गया। इससे जांच का नया कानूनी पहलू सामने आया है। विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिकी कार्रवाई से बिश्नोई नेटवर्क पर अंतरराष्ट्रीय दबाव बढ़ेगा। आने वाले दिनों में इस मामले में अदालत की सुनवाई, गोल्डी बराड़ की तलाश और संभावित प्रत्यर्पण से जुड़े घटनाक्रम पर नजर रहेगी।