Summer express, सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में एक दर्दनाक हादसे में 26 वर्षीय विवाहिता की बालकनी से गिरने के कारण मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे में जान गंवाने वाली महिला अपने पीछे 23 दिन की नवजात बेटी छोड़ गई है, जिसके सिर से जन्म के कुछ ही दिनों बाद मां का साया उठ गया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना सिरमौर जिले के सैनधार क्षेत्र की कमलाड पंचायत के कसेलग मासगा गांव में हुई। मृतका की पहचान परीक्षा देवी (26) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर वह अपने घर की बालकनी से अचानक नीचे गिर गईं, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा घायल महिला को तुरंत नागरिक अस्पताल ददाहू पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि परीक्षा देवी ने करीब 23 दिन पहले ही एक बेटी को जन्म दिया था। उनके आकस्मिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। नवजात बच्ची के सिर से मां का साया उठने की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग भी परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।