Summer express, रोहतक। हरियाणा के रोहतक शहर में शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इंद्र नगर कॉलोनी में संचालित नकली शराब बनाने की अवैध फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आरओ (पानी शुद्धिकरण) प्लांट की आड़ में चल रहे इस अवैध कारोबार का खुलासा करते हुए फैक्ट्री को सील कर दिया। मौके से भारी मात्रा में नकली शराब, फर्जी क्यूआर कोड, होलोग्राम और शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, इंद्र नगर स्थित 13 कमरों वाले एक प्लॉट को नवीन नामक व्यक्ति ने किराये पर लिया हुआ था। बाहर से यहां पानी का आरओ प्लांट संचालित होता दिखाई देता था, लेकिन अंदर केमिकल और स्पिरिट की मदद से नकली शराब तैयार की जा रही थी। फैक्ट्री में मशीनों के जरिए शराब की छोटी बोतलों की पैकिंग भी की जा रही थी।
संयुक्त छापेमारी के दौरान पुलिस ने 1 लाख 22 हजार 400 फर्जी क्यूआर कोड, 27 हजार 600 नकली होलोग्राम, 2 हजार 725 तैयार अवैध शराब की बोतलें (पव्वे), 9 हजार 900 खाली बोतलें, 4 हजार ढक्कन, 1 हजार 800 गत्ते के डिब्बे, तीन बड़ी प्लास्टिक टंकियां, आरओ सिस्टम, केमिकल, स्पिरिट, खाली ड्रम और पैकेजिंग सामग्री बरामद की है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बिना किसी वैध लाइसेंस या अनुमति के नकली लेबल, क्यूआर कोड और होलोग्राम लगाकर शराब तैयार कर रहे थे। इससे न केवल लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था, बल्कि सरकार को भी बड़े पैमाने पर राजस्व का नुकसान पहुंचाया जा रहा था।
शिवाजी कॉलोनी थाना प्रभारी राकेश सैनी ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब मुख्य आरोपी नवीन की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि फैक्ट्री तक स्पिरिट और अन्य रसायनों की आपूर्ति कहां से हो रही थी तथा तैयार की गई नकली शराब को किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।