Summer express,अंकुर कपूर , अंबाला। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब हरियाणा के मैदानी इलाकों में भी दिखाई देने लगा है। अंबाला छावनी में टांगरी नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद नदी का पानी आसपास के निचले क्षेत्रों में पहुंच गया, जिससे कई घर जलमग्न हो गए। अचानक पानी भरने से लोगों को अपना सामान समेटने तक का पूरा मौका नहीं मिला और कई परिवार सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करने को मजबूर हो गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, टांगरी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा और देखते ही देखते पानी रिहायशी इलाकों में घुस गया। कई परिवार अपने जरूरी सामान के साथ घर छोड़कर ऊंचे स्थानों और सुरक्षित जगहों पर पहुंच गए, जबकि भारी मात्रा में घरेलू सामान पानी में खराब हो गया। लोगों का कहना है कि टांगरी नदी पहले भी कई बार तबाही मचा चुकी है और इस बार भी पुराने बाढ़ जैसे हालात बनने से वे दहशत में हैं।
पीड़ित अनिल ने बताया कि पानी इतनी तेजी से घरों में घुसा कि सामान निकालने का भी पर्याप्त समय नहीं मिला। उन्होंने किसी तरह जरूरी सामान को सुरक्षित किया और परिवार के साथ एक दुकान में अस्थायी रूप से शरण लेनी पड़ी। उनका कहना है कि घर में रखा काफी सामान पानी में खराब हो गया है और भविष्य को लेकर चिंता बनी हुई है।
टांगरी नदी के किनारे रहने वाली नीलम ने बताया कि उनके पति लंबे समय से बीमार हैं। जैसे ही पानी घर की ओर बढ़ा, उन्होंने बड़ी मुश्किल से अपने पति को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इस दौरान घर में रखा काफी सामान पानी की भेंट चढ़ गया। उन्होंने बताया कि जो सामान बचाया जा सका, उसे लेकर परिवार फिलहाल ऊंचे स्थान पर रह रहा है, लेकिन लगातार बदलते मौसम को देखते हुए अभी भी बाढ़ का खतरा बना हुआ है।
लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए नदी किनारे रहने वाले लोगों में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोग प्रशासन से राहत एवं बचाव के पर्याप्त इंतजाम करने और संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। वहीं प्रशासन भी हालात पर नजर बनाए हुए है और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है।