Summer express/सोलन/भूपेन्द्र-: सोलन जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की निर्विरोध जीत के बाद पार्टी ने इसे संगठन की मजबूती और प्रदेश में बढ़ते जनसमर्थन का संकेत बताया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि जिला परिषद चुनावों के नतीजे हिमाचल प्रदेश की बदलती राजनीतिक तस्वीर को दर्शाते हैं और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के लिए सकारात्मक संदेश देते हैं।
उन्होंने बताया कि अब तक प्रदेश के आठ जिलों में जिला परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव संपन्न हो चुके हैं, जिनमें अधिकांश स्थानों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को सफलता मिली है। उनके अनुसार, कई जिलों में कांग्रेस प्रभावी चुनौती देने में सफल नहीं रही, जिससे पार्टी की संगठनात्मक स्थिति पर प्रश्न खड़े होते हैं।सोलन जिला परिषद में भाजपा समर्थित कुमारी शीला अध्यक्ष तथा पंकज शर्मा उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हुए। डॉ. बिंदल ने इसे कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन की एकजुटता और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के विश्वास का परिणाम बताया। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पंचायत और जिला परिषद चुनावों के दौरान राज्य सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर दबाव बनाने और राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास किया। उन्होंने दावा किया कि इन परिस्थितियों के बावजूद भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को व्यापक समर्थन मिला और मतदाताओं ने पार्टी पर भरोसा जताया।डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश की जनता मौजूदा सरकार के कार्यकाल से निराश है और विकास, रोजगार तथा जनकल्याण से जुड़े मुद्दों पर बदलाव चाहती है। उनका कहना था कि जिला परिषद चुनावों के परिणाम इसी जनभावना का प्रतिबिंब हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा संगठन आगामी समय में भी जनता के बीच सक्रिय रहकर विकास और सुशासन के मुद्दों को आगे बढ़ाएगा तथा 2027 के विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगा।