Summer express/ऊना, राकेश -: शहर की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था, नो पार्किंग और नो वेंडिंग जोन की स्थिति का जायजा लेने के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) ऊना सचिन हीरेमठ स्वयं अपनी टीम के साथ आज सड़कों पर उतरे। उनके साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव भाटिया, सदर थाना प्रभारी गौरव भारद्वाज, ट्रैफिक इंचार्ज तथा पुलिस बल मौजूद रहा।एसपी ने डीसी कार्यालय से लेकर रेड लाइट चौक तक पूरे बाजार क्षेत्र का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रैफिक संचालन, पार्किंग व्यवस्था, अतिक्रमण और नो पार्किंग व नो वेंडिंग जोन के पालन की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। तेज धूप के बावजूद पुलिस टीम लंबे समय तक सड़कों पर डटी रही और व्यवस्थाओं का निरीक्षण करती रही।
मीडिया से बातचीत में एसपी सचिन हीरेमठ ने कहा कि डीसी ऊना द्वारा शहर में नो पार्किंग और नो वेंडिंग जोन लागू किए जाने के बाद उसकी जमीनी स्थिति का आकलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि शहरवासी, व्यापारी या व्यापार मंडल ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कोई सुझाव देना चाहते हैं तो पुलिस उनका स्वागत करेगी और व्यवहारिक सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।उन्होंने बताया कि नो पार्किंग जोन में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई कर रही है। साथ ही शहर में अतिरिक्त पार्किंग स्थलों की संभावनाओं पर भी संबंधित विभागों के साथ विचार किया जा रहा है, ताकि लोगों को वाहन खड़े करने में परेशानी न हो।एसपी को स्वयं सड़कों पर निरीक्षण करते देख आम लोग भी हैरान नजर आए। कई लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि इससे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार होगा। पुलिस का उद्देश्य शहरवासियों, व्यापारियों और ऊना से होकर गुजरने वाले पर्यटकों को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात उपलब्ध कराना है।