Summer express/अंबाला-: प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस नेताओं के साथ लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के धरने को लेकर हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। विज ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास देश का अत्यंत संवेदनशील और हाई सिक्योरिटी क्षेत्र है। ऐसे स्थान पर प्रदर्शन करना सुरक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती पैदा कर सकता है। उन्होंने कहा कि इस मामले में राहुल गांधी के खिलाफ प्रधानमंत्री की सुरक्षा में सेंध लगाने का मामला दर्ज किया जाना चाहिए।
अनिल विज ने कहा कि यदि राहुल गांधी किसी मुद्दे पर अपनी बात रखना चाहते हैं तो उसके लिए संसद सबसे उपयुक्त मंच है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती। विज ने आशंका जताई कि इस तरह के प्रदर्शन की आड़ में कोई असामाजिक तत्व भी संवेदनशील क्षेत्र तक पहुंच सकता है, जिससे बड़ी सुरक्षा चूक या अप्रिय घटना होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
वहीं, समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव द्वारा नीट परीक्षा और कथित पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार पर लगाए गए आरोपों पर भी अनिल विज ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच संबंधित सुरक्षा और जांच एजेंसियां निष्पक्ष तरीके से कर रही हैं। यदि किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के पास इस मामले से जुड़े ठोस साक्ष्य हैं तो उन्हें सार्वजनिक बयानबाजी करने के बजाय जांच एजेंसियों को उपलब्ध कराना चाहिए, ताकि जांच निष्पक्ष और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ सके।अनिल विज ने कहा कि तथ्यों के आधार पर जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित होगा। उन्होंने भरोसा जताया कि जांच एजेंसियां कानून के अनुसार निष्पक्ष कार्रवाई करेंगी।