Summer express/शिमला, संजू- : हिमाचल प्रदेश में आगामी 26 जुलाई तक मानसून सामान्य रूप से सक्रिय रहने की संभावना है, जबकि 27 जुलाई से बारिश का दौर और अधिक तेज होने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 27 से 29 जुलाई के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। इसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी सलाह का पालन करने की अपील की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 23 से 26 जुलाई तक प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा और मंडी में भारी बारिश की संभावना है। वहीं 24 से 26 जुलाई के बीच चंबा, कुल्लू, शिमला सहित अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी तेज बारिश होने के आसार हैं। विभाग का कहना है कि हिमालय की तलहटी के आसपास सक्रिय मानसून ट्रफ के कारण प्रदेश में वर्षा का सिलसिला लगातार बना रहेगा।मौसम वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। बिलासपुर में सबसे अधिक लगभग 56 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि मनाली और नाहन में करीब 30-30 मिलीमीटर बारिश हुई। बुधवार सुबह से शिमला, सोलन, बिलासपुर, कांगड़ा और चंबा सहित कई जिलों में बादल छाए रहे और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 27 जुलाई से मानसून एक बार फिर जोर पकड़ सकता है। इस अवधि में कांगड़ा, मंडी और आसपास के क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार होने वाली भारी बारिश के कारण भूस्खलन, जलभराव और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने जैसी परिस्थितियां बन सकती हैं।बारिश की गतिविधियों के चलते प्रदेश के अधिकतम तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। 26 जुलाई तक तापमान सामान्य रहने की संभावना है, लेकिन 27 जुलाई के बाद तेज बारिश के साथ तापमान में और कमी आ सकती है। प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के समीप न जाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।